संबित पात्रा को प्रवक्ता पद से हटाने कार्टून चैनल्स ने बनाया था दबाव?
हाल ही में ये खबर आई थी कि पांच राज्यों में भाजपा को मिली करारी हार के बाद पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को पद से हटा दिया गया है। हालांकि बाद में इस खबर का सभी संबंधित लोगों ने खंडन किया था। हमारे संवाददाता mufflrman इस के कारणों की तह तक पहुंचने के लिए प्रयासरत है और अब तक मिली जानकारी हम आपके साथ साझा कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा न्यूज़ चैनलों पर अपने व्यवहार के लिए काफी चर्चित रहते हैं। उनके मशहूर डायलॉग्स जैसे “अब इस देश में हिन्दू फलाना ढिमकाना नहीं कर सकता” और “उई.. पुई.. उई.. पुई..” गली गली में सुने जा सकते हैं। वे देश का एक जाना पहचाना चेहरा बन गए हैं।
हमें जानकारी मिली है कि संबित पात्रा को प्रवक्ता पद से हटाने के लिये देश के प्रमुख कार्टून चैनलों ने दबाव बनाया था। चैनलों का कहना है कि संबित पात्रा की वजह से उनकी TRP में जोरदार गिरावट आई है।
चैनलों के मुताबिक बड़े लोग संबित को ज़्यादा एहमियत भले ही न देते हों पर बच्चों में संबित की प्रसिद्धि काफी बढ़ गयी है। संबित बच्चों में प्रसिद्धि के मामले में आजकल डोरेमोन, निंजा हटोरी और यहां तक कि ओगी के कॉकरोचों से भी काफी आगे निकल गए हैं। बच्चों ने कार्टून चैनल देखना बिल्कुल बन्द कर दिया है और न्यूज़ चैनल्स देखने लगे हैं। इस से कार्टून चैनलों को काफी नुकसान हो रहा है।
हमारे सूत्र बताते हैं कुछ छोटे चैनलों को तो इतना नुकसान हो रहा है कि उनके मालिक कार्टून चैनल बन्द कर के न्यूज़ चैनल शुरू करने की सोचने लगे हैं ताकि संबित को बुला कर गाडी कमाई की जा सके।
कुछ चैनलों ने संबित के ऊपर ही कार्टून करैक्टर बनाने का सोचा पर संबित के भावों को कार्टून में उतारना काफी कठिन काम है और जब बच्चों को असली संबित देखने को मिल रहे है तो वे उसके कार्टून को क्यों देखेंगे। इन कारणों के चलते यह प्लान भी निरस्त कर दिए गए।
बच्चों के माता पिता भी इस बात से खुश हैं कि उनके बच्चे अब न्यूज़ चैनल देखते हैं क्यूंकि कार्टून चैनल्स जहाँ सारे DTH में पेड पैकेज में आते हैं वहीँ न्यूज़ चैनल फ्री हैं। संबित की वजह से उनके पैसे बच रहे हैं जिससे माता पिता काफी खुश हैं।
वैसे कुछ माता पिता इस से थोड़ा परेशान भी हैं क्यूंकि बच्चे संबित की नक़ल करने लगे हैं। उदाहरण के लिए लॉलीपॉप न मिलने पर बच्चे कहने लगते हैं
“अब इस देश में हिन्दू बच्चा लॉलीपॉप भी नहीं खा सकता”
अलग सोच रखने वाले कुछ कार्टून चैनलों ने इस नुकसान से बचने अलग रणनीति बनाई है। एक एड कैंपेन तैयार की जा रही है जिसमे बच्चों के अभिभावकों को यह बताया जाएगा कि संबित पात्रा को ज़्यादा देखने से आगे चल कर उनके बच्चे संबित पात्रा जैसे बन सकते हैं। इस कैंपेन से माता पिता में डर बनेगा और वे बच्चों को फिर से कार्टून देखने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
वैसे तो सभी चैनल इस की चपेट में आये हैं पर कुछ कार्टून चैनल मुनाफे में कमी होने कर बावजूद नुकसान में नही थे वो भी अब शाहनवाज़ हुसैन के लेटेस्ट डिबेट्स देख कर परेशान हैं।
फ़िलहाल हमे इतनी ही जानकारी मिली है, आगे की ताज़ा जानकारी के लिए हमारे संवाद दाता @mufflrman को ट्विटर पर फॉलो करें।
