युवा वोट पर निशाना! गर्लफ्रैंड पर होने वाले खर्च पर लड़कों को सब्सिडी देंगे केजरीवाल

बिजली, पानी, स्वास्थ्य, पढ़ाई आदि पर सब्सिडी देने के लिए पहले से ही प्रशंसा के साथ साथ आलोचना का सामना कर रही है दिल्ली की केजरीवाल सरकार। अब एक नए चौंकाने वाले फैसले में केजरीवाल ने ये घोषणा की है कि अब दिल्ली के लड़कों को गर्लफ्रैंड पर होने वाले खर्च में सब्सिडी दी जाएगी।


हमारे संवाददाता mufflrman ने जानने की कोशिश की कि इस फैसले के पीछे दिल्ली सरकार की क्या सोच है। साथ ही साथ युवा वर्ग से इस विषय मे उनके विचार जानने की कोशिश की।

दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने कुछ समय पहले दिल्ली के युवा वोट्स को निशाना बनाते हुए दिल्ली के सभी लड़कों को उनके द्वारा अपनी अपनी गर्लफ्रैंड पर किये जाने वाले खर्च पर सब्सिडी देने का फैसला किया। जहाँ एक तरफ लोग इस से फैसले से काफी खुश दिखे तो वहीं एक तबके में काफी मायूसी देखी जा रही है।

दिल्ली सरकार का कहना है यह फैसला लेने के पहले काफी सोच विचार किया गया है। इसके पीछे कई सारे कारण है उनमें से कुछ मुख्य कारणों को उन्होंने विस्तार से बताया।


दिल्ली के लड़के ही दिल्ली का भविष्य हैं और लड़के काफी सारा समय या तो नई गर्लफ्रैंड ढूंढने में गुज़ार देते हैं या उन्हें खुश रखने की कोशिश में।

इस में कोई बुराई नही है पर हमें समझना होगा कि ये सब करने में अमीर परिवार से ताल्लुक रखने वाले लड़कों को तो ज़्यादा परेशानी नही होती पर गरीब लड़कों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। पैसे की कमी के चलते उनके सामने काफी दिक्कतें आती है।
सब्सिडी मिलने से ये गरीब लड़के भी अमीर लड़कों की तरह बराबरी से लड़कियों से अपने मन की बात कह पाएंगे और साथ ही साथ उसे सम्मानजनक जगहों पर डेट पर ले जा सकेंगे।
कई गरीब लड़के इस ज़रूरी खर्च के लिए पैसे जुटाने के लिए पार्ट टाइम जॉब करने लगते हैं और अपना पूरा समय पढ़ाई पर नही लगा पाते। इस सब्सिडी से इन लड़कों को बहुत फायदा मिलेगा और वो अपना और अधिक समय अपना भविष्य बनाने में व्यतीत कर पाएंगे।

पहले के तुलना में आजकल वैसे ही प्ररिस्पर्धा बहुत बढ़ गयी है। पहले लड़कों को लड़कियों के इंतज़ार में कॉलेजों के बाहर खड़े रहना पड़ता या उनकी बस का कॉलेज से वापस आने का इंतज़ार करना पड़ता था। लड़कियों के पास ऑप्शन्स कम होते थे तो लड़कों के लिए आसानी रहती थी।
अब फ़ोन और इंटरनेट के ज़माने में लड़के लड़कियों में संवाद बढ़ गया है। एक लड़की के पास कई सारे प्रस्ताव एकसाथ आ जाते हैं और लड़कों को काफी मेहनत करनी पड़ती है अच्छी लड़की को अपनी तरफ आकर्षित करने में। यह कदम लड़कों को थोड़ी सहायता प्रदान करेगा।

दिल्ली सरकार पहले ही लड़के लड़कियों को आपस में मिलाने के लिए प्रयासरत है। स्टूडेंट्स को दिल्ली की बसों में आने जाने पर सब्सिडी मिलती है। फ्री wifi की सुविधा भी जल्द ही प्राप्त होने वाली है। लड़कियों को मेट्रो और बस में भी फ्री यात्रा दी जा रही है।
अब लड़के फ्री wifi का उपयोग कर मैसेज या व्हाट्सएप्प कॉल कर अपनी गर्लफ्रैंड को मिलने बुला सकेंगे। लड़कियाँ फ्री मेट्रो या बस में यात्रा कर लड़कों से मिलने जा सकती हैं। समस्या केवल बाकी चीजों के खर्च होने वाले पैसों पर आती है। इस सब्सिडी के फैसले से अब इस समस्या का निराकरण भी हो जाएगा।

हम ने लोगों से इस बारे में उनके विचार जानने के लिए बात की।
लड़के इस इस फैसले से बहुत खुश नज़ारे आये। उनका कहना है ये फैसला बहुत ही दूरदर्शी है। इस से हम सब लड़को को “लेवल प्लेइंग फील्ड” मिलेगी और समाज के निचले वर्ग के लड़कों को भी सम्मानजनक तरीके से अपना प्रेम प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

बुज़ुर्ग वर्ग में इस फ़ैसले से काफी रोष दिखाई दिया। उनका कहना है केजरीवाल सरकार केवल जवान लड़के लड़कियों पर ही ध्यान केंद्रित कर रही है और हम बुज़ुर्गों पर कोई ध्यान नही दे रही। हम को भी सब्सिडी मिलनी चाहिए ताकि हम भी अपनी पत्नी को खिचड़ी और कड़ी चावल खिलाने ले जा सकें। सब बुज़ुर्गों को केवल तीर्थ यात्रा ही नही करनी होती।

आशा के अनुरूप भक्तिन्दर बग्गा इस फैसले पर काफी आक्रोश में दिखा। उसने इस फैसले के खिलाफ पोस्टर छाप लिए हैं और और रात को पोस्टर चिपकाने के लिए लड़के ढूंढने का प्रयास कर रहा है। पर सारे लड़के इस सब्सिडी के लिए फॉर्म की लाइन में लगे हैं।

लड़कियों से जब इस बारे में उनके विचार जानने की कोशिश की तो कोई भी लड़की कुछ नही कह पाई। खुशी के मारे किसी के मुँह से कोई शब्द ही नही निकल रहा था।

ALSO READ:   केजरीवाल का चर्चित प्लास और पेचकस गुम, शिवराज सिंह के पास होने की अटकलें

इस खबर पर हमारे संवाददाता @mufflrman नज़र बनाये हुए हैं। ताज़ा जानकारी कर लियर उन्हें ट्विटर पर फॉलो करें।

Leave a Reply